अवैध मुरम व एम-सैण्ड परिवहन करने पर दो वाहन जप्त

शिवपुरी, 14 नवम्बर 2025/ जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन पर नकेल कसने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास द्वारा 13 एवं 14 नवम्बर को महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
तहसील करैरा के ग्राम बघेदरी अब्बल के समीप एक सोनालीका कम्पनी का ट्रेक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से मुरम का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही वाहन को जप्त कर पुलिस थाना करैरा की सुरक्षा में रखा गया है। इसी तरह रन्नौद-पिछोर मार्ग पर एक डम्पर हाईवा वाहन को एम-सैण्ड खनिज का अवैध रूप से ओवरलोड परिवहन करते पाया गया, जिसे तत्काल जप्त कर थाना रन्नौद में सुरक्षा हेतु रखा गया है। दोनों प्रकरणों में खनिज नियमों के अंतर्गत कार्रवाई कर अवैध परिवहन से संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय को अर्थदंड निर्धारण हेतु प्रेषित किए गए हैं। ✍🏻



कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़
शिवपुरी, 13 नवम्बर 2025/ जिला प्रशासन शिवपुरी द्वारा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से गांधी पार्क मैदान शिवपुरी में 15 नवम्बर से 17 नवम्बर 2025 तक तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। 
मेले में आजीविका मिशन के ग्रामीण क्षेत्रों की स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्याएँ अपने हाथों से निर्मित विभिन्न प्रकार के आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित और विक्रय करेंगी। बामौरकलां की साड़ी, बदरवास जैकेट, सलवार सूट, कपड़ों के बैग के साथ-साथ ऑर्गेनिक उत्पाद, कच्ची घानी तेल, चाट-पकवान जैसी स्थानीय खानपान सामग्री भी जनता के लिए उपलब्ध रहेगी।
बच्चों के मनोरंजन हेतु खेलकूद की व्यवस्थाएँ तथा आगंतुकों के लिए मल्टी-फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात्रि 10 बजे तक मेले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। विशेष रूप से शाम 7 बजे से 10 बजे तक गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ नागरिकों को आनंदित करेंगी। 


राज्यपाल मंगू भाई पटेल के निर्देशन में मध्यप्रदेश सरकार ने लिया अभूतपूर्व निर्णय।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़
शिवपुरी, 13 नवम्बर 2025/ म.प्र. में 15 नवम्बर, राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस पर आजीवन कारावास के 32 कैदी को समय पूर्व मिलेगी रिहाई जिसमें 09 आदिवासी बंदी हैं। मध्यप्रदेश शासन, जेल विभाग मंत्रालय ने दिनांक 7 नवंबर 2025 को आदेश जारी किया। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म शताब्दी के अवसर पर मध्यप्रदेश में लिए गए निर्णय से अब प्रतिवर्ष 15 नवम्बर (राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस) पर आजीवन कारावास के बंदियों को शासन द्वारा समय पूर्व रिहा किया जाने की शुरुआत हुई। इस निर्णय के साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना जहां वर्ष में पांच बार आजीवन कारावास के दंडित बंदियों को, दिशा निर्देशों में पात्रता अनुसार सजा से छूट प्रदान कर समय-पूर्व रिहाई दी जाएगी। 
मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग मंत्रालय ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 432, सहपठित धारा 433 एवं धारा 433 (क) (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 473, सहपाठित 474 एवं 475) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आजीवन कारावास के बंदियों को नई रिहाई नीति द्वारा 15 नवम्बर (राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस) को शामिल कर 05 अवसरों पर सजा में छूट प्रदान करने का प्रावधान किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सरकार के ऐतिहासिक निर्णय ने 15 नवम्बर, "राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस" को राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख चार दिवसों के समकक्ष महत्वपूर्ण दिवस बना दिया। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम अपने जनजाति समाज के योगदान को सम्मान पूर्वक गौरव के साथ स्वीकार करते हैं। 
राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख चार दिन भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ावों का प्रतीक है, इन चार राष्ट्रीय प्रमुख दिवसो पर पूरे देश में आजीवन कारावास के कैदियों को उनके अच्छे आचरण को देखते हुए समय-पूर्व रिहाई दी जाती है जैसे स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) ब्रिटिश शासन से मुक्ति का प्रतीक है, गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) संविधान लागू होने और भारत को एक गणराज्य बनने का उत्सव हैं, गांधी जयंती (2 अक्टूबर) राष्ट्रपिता की जयंती और डाॅ. भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) समानता दिवस का प्रतीक ठीक उसी प्रकार भगवान बिरसा मुंडा जयंती (15 नवम्बर) राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस जो जनजाति समाज की परंपरागत प्राचीन सनातन संस्कृति के संरक्षण, "स्वधर्म" से "स्वराज" की स्थापना के संघर्ष और अस्मिता के पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में स्मरण करने का दिन है। राज्यपाल के इस निर्णय ने समाज में यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस केवल जनजातीय समुदाय तक सीमित नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग का दिन है तभी तो पात्रता नियमानुसार आजीवन कारावास के हर वर्ग के 32 बंदियों को समय पूर्व को रिहा किया जा रहा है।


न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह के पांचवे दिवस आंगनवाड़ी केंद्र में मनाया गया कार्यक्रम।
कोबरा बकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड 
शिवपुरी, 13 नवम्बर 2025/ पिछोर में न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह कार्यक्रम के तहत 13 नम्बबर गुरुवार को आंगनबाड़ी केंद्र छावनी ग्राम पंचायत जराय तहसील में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र प्रसाद सोनी तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला शिवपुरी रंजना चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष/अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में न्याय उत्सव विधिक सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा अधिनियम एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रही योजनाओं के संबंध में टीकाकरण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना, पोषण आहार योजना के अंतर्गत विस्तृत रूप से चर्चा उक्त कार्यक्रम की मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुश्री नेहा प्रजापति प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड पिछोर के द्वारा की गई। कार्यक्रम में महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार तिवारी उपस्थित थे। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता गुप्ता, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता तथा विधिक सेवा समिति पिछोर के कर्मचारी धर्मेंद्र राजोरिया पीएलबी भानु प्रताप, न्यायालय कर्मचारी सूरज पाल, आरिफ खान उपस्थित थे। 
समाचार क्रमांक 99/2025 —00—


नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत महाविद्यालयों के प्राध्यापकों हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
कोबरा बेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 13 नवम्बर 2025/ नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में शासकीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शिवपुरी द्वारा सत्र 2025-26 से लागू होने वाले शैक्षणिक सुधारों से अवगत कराने हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक 22 में संपन्न हुई, जिसका शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव ने किया।
कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ प्रो. देवेन्द्र सिंह आर्य द्वारा नई शिक्षा नीति के प्रमुख घटकों जैसे डबल मेजर प्रणाली, क्रेडिट आधारित शिक्षा व्यवस्था तथा अकादमिक लचीलापन (एकेडमिक फ्लेक्सिबिलिटी) पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही डॉ. मीनू पांडे ने ‘स्वयं पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त करने हेतु विद्यार्थियों के पंजीयन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने नई प्रणाली के कार्यान्वयन से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिन पर विशेषज्ञों ने आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में शिवपुरी जिले के अंतर्गत संचालित शासकीय महाविद्यालय करैरा सहित स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय शिवपुरी, श्रीकृष्णा कॉलेज बदरवास, सिद्धिविनायक कॉलेज नरवर, शिवशंकर कॉलेज बैराड़, महामंडलेश्वर कॉलेज करैरा, केशव महाविद्यालय शिवपुरी एवं मेट कॉलेज ऑफ एजुकेशन सतनवाड़ा के नई शिक्षा नीति प्रभारी प्राध्यापक सम्मिलित हुए।



नेशनल लोक अदालत 13 दिसंबर को, बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरण के होंगे समझौते।
कोबरा बकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 13 नवम्बर 2025/ म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्य क्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी एवं अन्‍य अनियमितताओं के प्रकरण को समझौते के माध्यम से निराकृत किया जाएगा। कंपनी द्वारा विद्युत अधिनियम 2003 धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी के लंबित प्रकरणों एवं विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के निराकरण के लिए विद्युत उपभोक्ताओं एवं उपयोगकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अप्रिय कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए अदालत में समझौता करने के लिए संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क करें।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी के बनाए गए लंबित प्रकरण एवं अदालत में लंबित प्रकरणों का निराकरण के लिये निम्न दाब श्रेणी के समस्त घरेलू, समस्त कृषि, 5 किलोवाट तक के गैर घरेलू एवं 10 अश्व शक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को प्रकरणों में ही छूट दी जाएगी।
प्रि-लिटिगेशन स्तर पर - कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत एवं आंकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात् प्रत्‍येक छः माही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
लिटिगेशन स्तर पर - कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत एवं आंकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात् प्रत्येक छःमाही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
कंपनी ने कहा है कि नेशनल लोक अदालत में छूट कुछ नियम एवं शर्तों के तहत दी जाएगी जो आकलित सिविल दायित्व राशि रू. 10,00,000 (दस लाख ) तक के प्रकरणों के लिए सीमित रहेगी। यह छूट मात्र नेशनल ‘‘लोक अदालत‘‘ 13 दिसंबर 2025 को समझौते करने के लिये ही लागू रहेगी।
समाचार क्रमांक 89/2025 —00—


न्यायोत्सव की श्रृंखला में सर्किल जेल शिवपुरी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित

कोबरा बकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड।़
शिवपुरी, 10 नवंबर 2025/  विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में 09 नवम्बर 2025 से 14 नवम्बर 2025 तक चलने वाले न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत आगामी श्रृंखला में सोमवार को सर्किल जेल में निरुद्ध बंदियों हेतु स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला चिकित्सालय शिवपुरी से उपस्थित चिकित्सकों की टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाकर निशुल्क दवाइयां वितरित की गयी।
इस अवसर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी रंजना चतुर्वेदी द्वारा उपस्थित बंदियों को निशुल्क कानूनी सेवा की जानकारी के साथ-साथ उनके मानसिक तनाव को दूर करने के लिए सिंगिंग कॉम्पिटिशन का भी आयोजन किया गया। जिसमें बंदीगण द्वारा बढ़चढ़ कर भाग लिया गया। साथ ही इस अवसर पर बाल गृह के छात्रों/बच्चों द्वारा भी देश भक्ति से संबंधित प्रस्तुति दी गयी। इस अवसर पर जेल अधीक्षक रमेशचंन्द्र आर्य, चिकित्सल, नरसिंग स्टाफ, डिफेंस काउंसिल से चीफ आलोक श्रीवास्तव सहित स्टाफ, पत्रकारगण, जेल कर्मचारी एवं बंदीगण आदि उपस्थित रहे।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़


डीएपी खाद के 1200 कट्टे जप्त, प्रशासन की सख्त कार्यवाही
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़
मुकेश गौड़ आशीष गौड 
शिवपुरी 06 नवम्बर 2025/ कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशन में कृषि एवं राजस्‍व विभाग की टीम ने गुरुवार को पुलिस बल के साथ बडौदी इंडस्ट्रियल एरिया शिवपुरी स्थित एक गोदाम पर बड़ी कार्यवाही करते हुए डीएपी खाद के 1200 कट्टे जप्त किए। 
उपसंचालक कृषि ने बताया कि यह गोदाम वीरेन्द्र गुप्ता निवासी शिवपुरी का है। गोदाम में खाद का विक्रय दीपक अग्रवाल निवासी गांधी कॉलोनी शिवपुरी तथा विकास उर्फ मोनू कदम के द्वारा किया जा रहा था। टीम को जांच के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि किसानों को बिना अनुमति एवं अनुचित तरीके से डीएपी खाद की बिक्री की जा रही थी। जब किसानों ने बताया कि खेत में खाद का असर नहीं हो रहा है तो विभाग को शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसके बाद यह कार्यवाही की गई।
औचक निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। टीम में एसएडीओ संदीप रावत, सहायक संचालक कृषि किरण रावत, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, नायब तहसीलदार श्री धाकड़, पटवारी तथा पुलिस बल उपस्थित रहे। 
यह कार्यवाही दोपहर 3 बजे प्रारंभ हुई और देर शाम तक चली। इस दौरान भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष ब्रजेश धाकड़ एवं उपाध्यक्ष श्री यादव ने भी प्रशासन को सहयोग प्रदान किया। विभागीय स्तर पर जप्त किए गए खाद के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस प्रकरण में संबंधित के विरुद्ध एफआईआर की कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी

कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में उर्वरक की अवैध बिक्री, नकली खाद या मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसानों के हित में पूरी तरह सजग और सक्रिय है।
सब पर नजर सब की खबर

कोलारस विधानसभा के ग्राम सिंघारई माता मंदिर पर पूर्व विधायक के परपोता द्वारा कराया विशाल अन्नकूट शामिल हुए हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी । अजयराज शर्मा।
कोबरा बकिंग न्यूज़
मुकेश गौड़ आशीष गौड 
कोलारस विधानसभा के पूर्व विधायक नरहरि शर्मा के पौता  अजयराज शर्मा द्वारा पिछले 17 वर्षों से क्षेत्र के मा काकाली माता मंदिर पर अन्नकूट करते हैं  इससे क्षेत्र की जनता का
मंदिर पर आवागमन होने से दूर-दूर से मंदिर प्रांगण में दुकानदार एकत्रित होकर दुकानदारी कर प्रसाद ग्रहण कर सम्मिलित होते हैं अजय राज शर्मा द्वारा में नेक काम में
  दुकानदारों को भी मिलता है रोजगार
इससे पूर्व में शिवपुरी में भी कई बार धार्मिक कर कार्यक्रमों में स्वयं की निजी कार्यक्रम कराते हैं क्षेत्रीय जनता द्वारा मंदिर प्रांगण में सभी श्रद्धालु पंडित द्वारा पुष्पमाला पहनकर किया शर्मा को सम्मानित धर्म कर्म के  मामले में शर्मा सबसे पहले रहते हैं उनका कहना है की मार्गदर्शन सभी भाइयों का क्षेत्रवासियों का जरूरी है ।
सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया
अजयराज शर्मा।
भंडारा तो माता रानी करती है। मैं तो अपने पूर्वजों के दिए हुए संस्कारों पर चल रहा हूं।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़। 
सब पर नजर सब की खबर ✍️

इन फीडरों पर आज विद्युत प्रवाह बंद रहेगा
कोबरा बकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 01 नवम्बर 2025/ आवश्यक रखरखाव का कार्य किए जाने हेतु 33/11 के.व्ही. डाक बंगला उपकेन्‍द्र एवं 33/11 के.व्ही. बाणगंगा उपकेन्‍द्र से संबंधित 11 के.व्‍ही.फीडरों पर 2 नवंबर को विद्युत प्रवाह बंद रहेगा।
उक्त 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्रों पर 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 11 के.व्‍ही.हॉस्पिटल फीडर तथा सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक 11 के.व्‍ही.सिटी फीडर प्रभावित रहेंगे।


बाल विवाह मुक्त भारत अभियान
बालिकाओं ने बाल विवाह की खिलाफत का संकल्प लिया।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 1 नवम्‍बर 2025/ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास द्वारा शासकीय कन्या परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल की सहायक संचालक मुस्कान गुप्ता, बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन ने बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों से परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान, बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें अपने आसपास होने वाले बाल विवाह आयोजनों की खिलाफत करने के लिए प्रेरित किया गया। सहायक संचालक मुस्कान गुप्ता ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर समस्या है जो बालिकाओं के भविष्य को प्रभावित करती है।
कार्यक्रम के अंत में, सहायक संचालक मुस्कान गुप्ता ने सभी बालिकाओं को बाल विवाह मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए शपथ दिलाई। इस अवसर पर बालिकाओं ने बाल विवाह की खिलाफत करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों और भविष्य के बारे में जागरूक किया गया।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा सब पर नजर सब की खबर

MARI themes

Powered by Blogger.