ब्राह्मण समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू
पात्र प्रतिभाओं के पंजीयन के लिए ऑनलाइन लिंक जारी, संतों की अध्यक्षता में होगा समारोह; सभी ब्राह्मण संगठनों को साथ लेकर कार्यक्रम को भव्य बनाने पर जोर।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड
शिवपुरी। सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में प्रस्तावित सर्व ब्राह्मण युवा प्रतिभा सम्मान समारोह को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने की तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। समारोह की कार्ययोजना एवं तैयारियों को लेकर समाज के पदाधिकारियों और प्रमुखजनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिभाओं के पंजीयन से लेकर सम्मान सामग्री, अतिथियों, कार्यक्रम की अध्यक्षता तथा व्यवस्थापन समितियों के गठन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समारोह की कार्ययोजना का प्रारूप प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि तैयारियों के प्रथम चरण में पात्र प्रतिभाओं के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए ‘सर्व ब्राह्मण प्रतिभा सम्मान’ नाम से ऑनलाइन लिंक जारी की गई है। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि समाज की सभी पात्र प्रतिभाओं का पंजीयन एक ही निर्धारित प्रारूप में कराया जाए, जिससे प्रतिभाओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जा सके।
हर ब्राह्मण से लिंक अधिक से अधिक शेयर करने की अपील
बैठक में समाज के प्रत्येक सदस्य से अपील की गई कि वह प्रतिभा सम्मान के लिए जारी पंजीयन लिंक को अपने स्तर से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। सोशल मीडिया के माध्यम से लिंक को व्यापक स्तर पर शेयर करने की जिम्मेदारी केवल संगठन के पदाधिकारियों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक ब्राह्मण द्वारा निभाने पर जोर दिया गया।
बैठक में कहा गया कि समाज में अनेक ऐसी प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने शिक्षा, प्रशासन, खेल, विभिन्न प्रतियोगिताओं और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अधिकतम पात्र प्रतिभाओं तक पहुंच बनाकर उनका पंजीयन कराया जाएगा, ताकि योग्य प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर मिल सके।
प्रतीक चिन्ह, पटका और प्रशस्ति पत्र से होगा सम्मान
कार्यकारी अध्यक्ष अशोक शर्मा कूड़ा ने समारोह में प्रतिभाओं को प्रदान की जाने वाली सम्मान सामग्री का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सम्मान के दौरान प्रतीक चिन्ह, ‘सर्व ब्राह्मण समाज’ प्रिंट पटका एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
बैठक में समारोह की अध्यक्षता संतों से कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सामाजिक गरिमा प्रदान की जा सके। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश स्तरीय प्रशासनिक प्रतिभा अथवा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी जैसी विशिष्ट प्रतिभा को आमंत्रित करने के साथ-साथ जिला स्तर की प्रशासनिक प्रतिभाओं को भी समारोह में विशेष रूप से शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया। उपस्थित सदस्यों ने इन प्रस्तावों को भी सहमति प्रदान की।
सभी ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाने की पहल
बैठक में भार्गव समाज के जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने सर्व ब्राह्मण समाज की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिवपुरी में सक्रिय सभी ब्राह्मण संगठनों के अध्यक्षों की एक संयुक्त बैठक आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यदि समाज के सभी सक्रिय संगठन एकजुट होकर इस आयोजन में सहभागिता करें तो प्रतिभा सम्मान समारोह को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप दिया जा सकता है। बैठक में सभी संगठनों को साथ लेकर कार्यक्रम की तैयारियां आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
वहीं परशुराम बोर्ड के अध्यक्ष श्रीनिवास उपाध्याय ने कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित कर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाना आवश्यक है।
प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज की प्राथमिकता
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में युवा प्रतिभाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इसी उद्देश्य से सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की पहल की जा रही है।
बैठक में प्रतिभाओं के पंजीयन को अधिकतम स्तर तक पहुंचाने, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने तथा आयोजन से संबंधित आगामी तैयारियों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
बड़ी संख्या में समाज के प्रमुखजन रहे मौजूद
बैठक में राजेंद्र खजूरी, महेश शर्मा (भार्गव समाज अध्यक्ष), डॉ. बी.के. शर्मा (अध्यक्ष रघुवंशम ट्रस्ट), राकेश शर्मा भार्गव, संजय अवस्थी (अध्यक्ष समाधि समाज), अशोक पालीवाल, रोहतास नायक, नरेंद्र दिग्गर्रा, अनिल उत्साही, श्रीनिवास उपाध्याय, महेंद्र उपाध्याय, गोपाल गौड़, श्रीमती रेणु शर्मा, मणिका शर्मा, भरत तिवारी, वरुण पाराशर, सुनील शुक्ला, राजू पुजारी, वीरू शुक्ला बैराड़, मनोज जैमिनी, राम लखन मुद्दोतिया, रिंकू अवस्थी, राहुल रामजी व्यास, राज कटारे, लक्ष्येंद्र शर्मा, धर्मेंद्र भारद्वाज, राधावल्लभ शर्मा एडवोकेट, दिलीप शर्मा, संजय शर्मा डब्बू, राजेंद्र शर्मा, सतेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा भार्गव, नरेंद्र पचौरी, उमाशंकर शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के अनेक प्रमुखजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अशोक शर्मा कूड़ा ने उपस्थित सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से आगामी तैयारियों में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही वनभोज के लिए भी सभी को आमंत्रित किया गया। इसी के साथ बैठक का समापन हुआ।
समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संगठनों और समाजजनों के सामूहिक सहयोग से प्रस्तावित सर्व ब्राह्मण युवा प्रतिभा सम्मान समारोह शिवपुरी में प्रतिभाओं के सम्मान और युवाओं के उत्साहवर्धन का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा 🖋️
Post a Comment