कलेक्टर संवेदनशीलता से मौजपुर गांव को मिली बड़ी राहत;  वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर मुक्तिधाम भूमि को अतिक्रमण से कराया गया मुक्त।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा ।
मुकेश गौड़।
सीमांकन कर जेसीबी से खुदवाई गई नींव; भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द, राजस्व एवं पुलिस बल ने मौके पर की कार्रवाई*

शिवपुरी, 18 नवम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण जनपद पंचायत नरवर के अंतर्गत सामने आया है, जहां उनके सख्त निर्देशों के चलते मौजपुर गांव की कई वर्षों पुरानी विकट समस्या का चंद दिनों में ही स्थायी समाधान हो गया।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को तहसीलदार नरवर श्री विजय कुमार त्यागी ने अपने राजस्व दल एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवा दिया और मुक्तिधाम के निर्माण हेतु चिन्हित भूमि को ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया।

जनपद पंचायत नरवर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान ग्राम मौजपुर के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मौजपुर में पिछले लगभग 150 वर्षों से कोई आधिकारिक मुक्तिधाम नहीं था, जिसके कारण ग्रामीणों को अपने परिजनों का अंतिम संस्कार भारी विवशता में अपने निजी खेतों में करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि मौजपुर स्थित शासकीय सर्वे नंबर 113/1 तथा शासकीय सर्वे नंबर 113/2 (कुल रकवा 0.07 हेक्टेयर) की भूमि मुक्तिधाम निर्माण हेतु प्रस्तावित थी, जिस पर गांव के कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था।

*कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर त्वरित प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई*
ग्रामीणों की इस संवेदनशील समस्या को पूरी गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और तहसीलदार नरवर श्री त्यागी को मौके पर जाकर तुरंत अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के पालन में बुधवार को तहसीलदार नरवर अपने राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जरीब के माध्यम से शासकीय भूमि का सीमांकन किया और चूने की लाइन डलवाई। इसके पश्चात जेसीबी मशीन का उपयोग करते हुए शासकीय भूमि की चारों सीमाओं की नींव खुदवाई गई और वहां मौजूद अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया गया।

अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस महत्वपूर्ण भूमि को अब विधिवत रूप से मुक्तिधाम के निर्माण हेतु ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया गया है। इस त्वरित और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई से ग्राम मौजपुर के निवासियों की 150 वर्ष पुरानी गंभीर समस्या का सफलतापूर्वक निराकरण हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस ठोस कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया
समाचार क्रमांक 87/2026


*न्यायोत्सव अंतर्गत दिव्यांगजन बच्चों के अधिकारों की दी जानकारी, नशा नहीं करने हेतु प्रेरित किया
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा। 
मुकेश गौड़ 
शिवपुरी, 18 नवम्बर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में एवं जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत पंचम दिवस पर बुधवार को दिव्यांगजन छात्रावास फतेहपुर शिवपुरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित बालकों को जिला न्यायाधीश/सचिव श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया के द्वारा दिव्यांगजनों के अधिकारों व कानूनी संरक्षण, विशेष रूप से दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की जानकारी प्रदान की। 

साथ ही निशुल्क विधिक सहायता, दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध शासकीय कल्याणकारी योजनाओं, चलने फिरने, सुनने, बालेने एवं देखने में असमर्थ व्यक्तियों हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता योनजाओं संबंधी महत्वूपर्ण जानकारी, नालसा हेल्पलाईन 15100, चाईल्ड हेल्प लाईन 1098 की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी श्री आलोक श्रीवास्तव के द्वारा नालसा डॉन-नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025 के अभियान अंतर्गत उपस्थित बच्चों को मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के बारे में बताया एवं नशा नहीं करने की सलाह दी। इस दौरान बच्चों को फल, पेन, चॉकलेट वितरित किए गए।

शिविर के पश्चात छात्रावास का निरीक्षण किया गया। इस दौरान छात्रों को दिए जाने वाले भोजन, आवास व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सीय सुविधा, मनोरंजन के साधानों तथा परिसर की साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान मंगलम शिवपुरी से श्री हरीश शर्मा, श्री संजीव भार्गव, छात्रावास अधीक्षक श्री सुभम शर्मा, शिक्षकगण श्रीमती संगीता चौहान आदि उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 84/2026


शिवपुरी जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका; 250 पदों पर भर्ती हेतु विभिन्न विकासखंडों में लगेंगे रोजगार शिविर।
ब्रेकिंग न्यूज़ 👉 कोबरा 
मुकेश गौड़ 
सिक्योरिटी ग्रुप नोएडा द्वारा सुरक्षा जवान, सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ड्रोन पायलट के पदों पर होगी भर्ती।

शिवपुरी, 18 नवम्बर 2026/ जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय एवं मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला शिवपुरी के सहयोग से जीडीएक्स सिक्योरिटी ग्रुप नोएडा के माध्यम से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सुरक्षा जवान (180 पद), सुरक्षा सुपरवाइजर (40 पद), कंप्यूटर ऑपरेटर (20 पद) एवं ड्रोन पायलट (10 पद) सहित कुल 250 पदों पर योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा।

इच्छुक और योग्य युवा (शिवपुरी एवं अन्य जिलों के आवेदक) अपनी 10वीं की अंकसूची एवं पहचान के लिए आधारकार्ड की फोटोकॉपी तथा चयनित होने पर 250 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क के साथ निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी कैंप स्थल पर सुबह उपस्थित हो सकते हैं। उक्त शिविर 23 नवंबर को जनपद पंचायत पोहरी, 25 नवंबर को जनपद पंचायत पिछोर, 26 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय शिवपुरी, 27 नवंबर को जनपद पंचायत कोलारस, 30 नवंबर को जनपद पंचायत बदरवास, 01 दिसंबर को जनपद पंचायत करेरा, 02 दिसंबर को जनपद पंचायत नरवर, 03 दिसंबर को जनपद पंचायत खनियाधाना में आयोजित किए जाएगें। 

चयनित उम्मीदवारों को नोएडा में 20 दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके उपरांत उनकी पोस्टिंग मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों जैसे ग्वालियर, इंदौर, पीतमपुर, कटनी, जबलपुर, देवास, गुना आदि स्थानों पर की जाएगी। इन पदों पर चयनित युवाओं को 18,000 से 28,000 रुपए तक का आकर्षक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा, मेडिकल, समय पर वेतन वृद्धि, प्रमोशन तथा रियायती दरों पर आवास एवं मेस की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी या पूछताछ के लिए अभ्यर्थी जारी किए गए मोबाइल नंबरों 9289153551 एवं 9799414022 पर संपर्क कर सकते हैं।
समाचार क्रमांक 85/2026



शिवपुरी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव की धूम, देवउठनी एकादशी पर निकलेगी भव्य निशान यात्रा
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा। 
मुकेश गौड़ आशीष गौड ऋषि गस्वामी
शिवपुरी। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर को शहर में बाबा खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर गुना बाईपास स्थित प्राचीन मार चिंतापूर्ण खाटू श्याम जी मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य निशान यात्रा, संकीर्तन, भजन संध्या, महाआरती और विशाल भंडारे सहित कई धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।

जन्मोत्सव के तहत भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो मां रायश्री दरबार से प्रारंभ होकर अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड और माधव चौक होते हुए गुना बाईपास स्थित खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम का निशान लेकर शामिल होंगे और जय श्री श्याम के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय होगा।

निशान यात्रा के मंदिर पहुंचने पर बाबा श्याम की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात ग्वालियर सहित अन्य स्थानों से आने वाले भजन कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या एवं संकीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी। इस धार्मिक आयोजन में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग करेंगी।

मंदिर के महाराज प्रशांत शर्मा ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्याम भक्तों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बाबा श्याम के जन्मोत्सव में सहभागी बनकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

देवउठनी एकादशी पर आयोजित होने वाला यह उत्सव शिवपुरी में भक्ति, आस्था और उत्साह का विशेष संगम बनेगा।

MARI themes

Powered by Blogger.