पति की मौत के एक माह बाद गर्भवती पत्नी ने मासूम बेटे के साथ कुएं में कूदकर दी जान, तीन बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया; प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारी।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड़ आशीष गौड
शिवपुरी 30 अक्टूबर 2026/ बैराड़ तहसील क्षेत्र के ग्राम गूगर में हुई हृदयविदारक घटना के बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अनाथ हुई तीन मासूम बच्चियों की देखभाल और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल शुरू की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार बैराड़ तहसीलदार श्री दृगपाल सिंह बैस मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गूगर निवासी अंजली रावत पत्नी धर्मवीर रावत (33 वर्ष), जो आठ माह की गर्भवती थीं, और उनके लगभग 3-4 वर्षीय पुत्र प्रशांत रावत की 28 अक्टूबर 2026 को घर के पीछे बने कुएं में कूदने से मृत्यु हो गई। बताया गया कि अंजली के पति धर्मवीर रावत की करीब एक माह पहले सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। इस घटना के बाद अब परिवार में धर्मवीर रावत की तीन बेटियां जीवित हैं।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार दृगपाल सिंह बैस ने परिवार की स्थिति को देखते हुए तीनों बच्चियों को उनकी दादी दुलारी रावत की देखरेख में रखने की व्यवस्था की। साथ ही मौके पर मौजूद पटवारी को निर्देश दिए कि त बीपीएल राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जाए तथा दादी दुलारी रावत को परिवार का मुखिया बनाया जाए, जिससे परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
*मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का लाभ दिलाने की पहल*
प्रशासन द्वारा तीनों बच्चियों को मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की दिशा में भी पहल की जा रही है। इस योजना के तहत माता-पिता दोनों को खो चुके पात्र बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है।
इस संबंध में तहसीलदार द्वारा पोहरी जनपद पंचायत के सीईओ सिंह गुर्जर से चर्चा कर बच्चियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
*कोलारस क्षेत्र के ग्राम सेसई सड़क में दर्दनाक घटना; प्रशासन ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना*
कोलारस तहसील क्षेत्र के अंतर्गत एक अन्य हृदयविदारक घटना सामने आई। गतदिवस ग्राम सेसई सड़क निवासी सीता पत्नी रामसिंह रावत (उम्र लगभग 35 वर्ष), उनकी दो पुत्रियों प्रियंका (लगभग 14 वर्ष), रिया (लगभग 12 वर्ष) तथा पुत्र श्लोक (लगभग 10 वर्ष) की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई। मृतिका के पति रामसिंह पुत्र बद्री रावत मेहनत-मजदूरी, खाद की रैक पर काम करने के साथ-साथ 04 बीघा कृषि भूमि पर खेती का कार्य करते हैं। हालांकि, मृतिका द्वारा बच्चों सहित इस प्रकार उठाए गए इस कदम का स्पष्ट कारण अभी अज्ञात है। अनुविभागीय अधिकारी (कोलारस) शिवदयाल धाकड़ एसडीओपी कोलारस, थाना प्रभारी, तहसीलदार कोलारस, पंचायत सचिव एवं पटवारी ने ग्राम सेसई सड़क पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की। शासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वाशन दिया।
Post a Comment