सोना-चांदी की कीमतों में वैश्विक स्तर पर अचानक गिरावट, भारत में अभी नहीं दिखा असर।

सोना-चांदी की कीमतों में वैश्विक स्तर पर अचानक गिरावट, भारत में अभी नहीं दिखा असर
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़।
मुकेश गौड आशीष गौड।
सोना और चांदी की कीमतें 17 अक्टूबर को रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद अब तेजी से गिरने लगी हैं। वैश्विक बाजार में बुधवार को सोने की कीमत 2.9% गिरकर 4,004 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि मंगलवार को इंट्राडे में 6.3% की भारी गिरावट देखी गई थी, जो पिछले 12 वर्षों में सबसे बड़ी रही।

चांदी की कीमत में भी इंट्राडे में 7.1% की गिरावट हुई, और अंततः यह लगभग 47.6 डॉलर के स्तर पर बंद हुई। इस अचानक आई गिरावट को विशेषज्ञ मुनाफाखोरी की लहर का संकेत मान रहे हैं। निवेशक महीनों की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद मुनाफावसूली कर रहे हैं।

KCM ट्रेड के मार्केट एक्सपर्ट टिम वाटरर ने ब्लूमबर्ग को बताया कि सोने के बाजार में निवेशकों के लिए मुनाफाखोरी का यह अच्छा मौका था, इसलिए कीमतों में यह तेज गिरावट आई है।

हालांकि, इस गिरावट का असर भारतीय बाजार में अभी नहीं दिख रहा है, क्योंकि MCX आज दिवाली और बलिप्रतिपदा के चलते बंद है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब MCX 23 अक्टूबर को खुलेगा, तो सोना और चांदी के दाम में गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, गिरावट की सही मात्रा का अनुमान फिलहाल नहीं लगाया जा सकता।