कलेक्टर संवेदनशीलता से मौजपुर गांव को मिली बड़ी राहत; वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर मुक्तिधाम भूमि को अतिक्रमण से कराया गया मुक्त।
ब्रेकिंग न्यूज़ कोबरा ।
मुकेश गौड़।
सीमांकन कर जेसीबी से खुदवाई गई नींव; भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द, राजस्व एवं पुलिस बल ने मौके पर की कार्रवाई*
शिवपुरी, 18 नवम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण जनपद पंचायत नरवर के अंतर्गत सामने आया है, जहां उनके सख्त निर्देशों के चलते मौजपुर गांव की कई वर्षों पुरानी विकट समस्या का चंद दिनों में ही स्थायी समाधान हो गया।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को तहसीलदार नरवर श्री विजय कुमार त्यागी ने अपने राजस्व दल एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवा दिया और मुक्तिधाम के निर्माण हेतु चिन्हित भूमि को ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया।
जनपद पंचायत नरवर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान ग्राम मौजपुर के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मौजपुर में पिछले लगभग 150 वर्षों से कोई आधिकारिक मुक्तिधाम नहीं था, जिसके कारण ग्रामीणों को अपने परिजनों का अंतिम संस्कार भारी विवशता में अपने निजी खेतों में करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि मौजपुर स्थित शासकीय सर्वे नंबर 113/1 तथा शासकीय सर्वे नंबर 113/2 (कुल रकवा 0.07 हेक्टेयर) की भूमि मुक्तिधाम निर्माण हेतु प्रस्तावित थी, जिस पर गांव के कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था।
*कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर त्वरित प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई*
ग्रामीणों की इस संवेदनशील समस्या को पूरी गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और तहसीलदार नरवर श्री त्यागी को मौके पर जाकर तुरंत अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के पालन में बुधवार को तहसीलदार नरवर अपने राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जरीब के माध्यम से शासकीय भूमि का सीमांकन किया और चूने की लाइन डलवाई। इसके पश्चात जेसीबी मशीन का उपयोग करते हुए शासकीय भूमि की चारों सीमाओं की नींव खुदवाई गई और वहां मौजूद अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया गया।
अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस महत्वपूर्ण भूमि को अब विधिवत रूप से मुक्तिधाम के निर्माण हेतु ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर दिया गया है। इस त्वरित और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई से ग्राम मौजपुर के निवासियों की 150 वर्ष पुरानी गंभीर समस्या का सफलतापूर्वक निराकरण हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस ठोस कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया
समाचार क्रमांक 87/2026
Post a Comment