प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सर्किल जेल शिवपुरी का निरीक्षण कर बंदियों के पुनर्वास एवं सुधार कार्यक्रमों का लिया जायजा


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सर्किल जेल शिवपुरी का निरीक्षण कर बंदियों के पुनर्वास एवं सुधार कार्यक्रमों का लिया जायजा
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़ 
मुकेश गौड़ आशीष गौड।
शिवपुरी, 27 सितम्बर 2025/  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने आज शनिवार को सर्किल जेल शिवपुरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला न्यायालय शिवपुरी के रजिस्ट्रार जितेन्द्र मेहर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्राची शर्मा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी भी उपस्थित रहीं।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल में बंदियों के लिए संचालित रोजगारोन्मुखी और कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया। इस दौरान मोटर वायडिंग और सीलिंग पंखों की मरम्मत हेतु नवीन स्थापित मशीन का पूजन कर शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही जेल में चल रहे फर्नीचर मरम्मत उद्योग और बंदी जैकेट सिलाई उद्योग का भी निरीक्षण किया गया।
जेल अधीक्षक आर.सी.आर्य ने विभागीय स्तर पर स्थापित दो नवीन वॉटर कूलर, निर्माणाधीन दो बैरिकों और दस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्षों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विधिक सहायता शिविर का भी अवलोकन किया और बंदियों को उपलब्ध नि:शुल्क विधिक सहायता, जमानत आदेश के बाद आर्थिक सहायता, तथा शासन द्वारा संचालित आध्यात्मिक प्रशिक्षण शिविर के लाभों के बारे में जानकारी दी।
जेल में बंदियों के पुनर्वास और सुधार हेतु प्रेरित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी के माध्‍यम से बंदियों को विधिक सहायता के साथ-साथ चिकित्सा सुविधा, भोजन और शुद्ध पेयजल की सुनिश्चित व्यवस्था की जाती है। उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा संचालित आध्यात्मिक एवं नैतिक सुधार कार्यों और जेल अधीक्षक द्वारा संचालित रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए बंदियों को प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान जेल स्टाफ में जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य, जेल उप अधीक्षक रामशिरोमणी पाण्डेय, जेल चिकित्सक डॉ. जलज शर्मा, प्रमुख मुख्य प्रहरी नंदलाल राणा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित थे।
कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़ 

कोबरा ब्रेकिंग न्यूज़ संपर्क करें 6261010963,9755691938🖋️