जिले में 15 से 30 जुलाई तक नशे से दूरी है जरूरी जनजागरूकता अभियान संचालित होगा कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियाँ।

ओबरा ब्रेकिंग न्यूज़
शिवपुरी, 11 जुलाई 2025/ कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नशे से दूरी है जरूरी जनजागरूकता अभियान के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज में वास्तविक बदलाव लाने की पहल होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन के बीच संवाद और जागरूकता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि झुग्गी झोपड़ी व चिहिंत स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए जनअभियान परिषद, एनसीसी एवं एनएसएस की सहायता ली जाए। ऐसे स्थानों को पूर्व से ही चिंहित करके रखा जाए। उन्होंने इस दौरान नशा पीड़ितों के लिए जिले में संचालित पुनर्वास केन्द्रों की समीक्षा की और कहा कि केन्द्रों का रखरखाव ठीक से किया जाए। उन्होंने केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय परिसर में इस तरह के बोर्ड भी लगाए जाए कि यहां नशा करना मना है, करते पाए जाने पर जुर्माने का प्रावधान करें।  
पुलिस अधीक्षक श्री राठौड ने कहा कि अभियान अंतर्गत 30 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के अनुसार अधिकारी अपनी जवाबदेही सुनिश्चित कर लें। कार्यक्रम अनुसार जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाए। स्कूल मैदान, खेल मैदानों में मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाए। इसके लिए पोलोग्राउण्ड को भी चिंहित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकांश देखा जाता है कि 12 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चें नशे की तरफ ज्यादा आकर्षित होते है, हमें इसको ध्यान में रखते हुए जनजागरूकता करना है।
बैठक में बताया गया कि यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक चलाया जाएगा। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर जनजागरूकता फैलाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में रैलियाँ, प्रतियोगिताएँ, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, जागरूकता व्याख्यान, शॉर्ट फिल्म, पोस्टर, पेंटिंग, स्लोगन, डिजिटल प्रचार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 खबरों का विज्ञापन के लिए संपर्क करें



 9755691938,6261010963 मुकेश गौड़ आशीष गौड ✍️