जिले में जनहानि, मकान, पशु एवं फसल क्षति के सर्वे और राहत कार्य जारी


जिले में जनहानि, मकान, पशु एवं फसल क्षति के सर्वे और राहत कार्य जारी।
मुकेश गौड़ आशीष गौड
शिवपुरी, 5 अगस्त 2025/  वर्षा ऋतु में इस वर्ष शिवपुरी जिले में औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मंगलवार तक जिले में कुल 1042.7 मि.मी. वर्षा हो चुकी है, जो कि जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 816.3 मि.मी. से काफी अधिक है।
विगत माह के अंतिम सप्ताह 27, 28 एवं 29 जुलाई को जिले की कोलारस, बदरवास, रन्नौद, नरवर, पोहरी, बैराड़, खनियाधाना, पिछोर, शिवपुरी एवं करैरा तहसीलों में अत्यधिक वर्षा हुई, जिससे जनसामान्य का जीवन प्रभावित हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं, कच्चे मकानों तथा फसलों को व्यापक क्षति पहुँची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षा जनित घटनाओं में अब तक 27 जनहानियों की सूचना प्राप्त हुई है, जिनमें से 18 मृतकों के परिजनों को कुल ₹72 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर प्रदान की जा चुकी है। भारी वर्षा से जिले की सभी तहसीलों में कुल 1745 कच्चे मकानों को पूर्ण या आंशिक क्षति पहुँची है। इनमें रन्नौद में 298, कोलारस में 258 एवं बदरवास में 473 मकानों की क्षति दर्ज की गई है। मकान क्षति का कुल अनुमानित मूल्य ₹1 करोड़ 26 लाख 20 हजार है। अब तक पिछोर तहसील के 65 मकानों के लिए ₹4 लाख 80 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। शेष तहसीलों के आर्थिक सहायता के प्रकरण तैयार कर लिए गए हैं। इसी प्रकार वर्षा के कारण जिले की समस्त तहसीलों में 93 पशु हानि भी हुई है, पशु क्षति के आर्थिक सहायता संबंधित 17 लाख 29 हजार रुपये के प्रकरण संबंधित तहसीलों के द्वारा तैयार किये गये हैं।
जिले में हुई फसल क्षति के संबंध में राजस्व, कृषि एवं पंचायत विभागों के संयुक्त दल द्वारा सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य शीघ्रता एवं पारदर्शिता से पूर्ण कर, पात्र कृषकों को राहत राशि प्रदान की जाए।